अमृतसर में गुंडागर्दी: भाई वीर सिंह कॉलोनी में फायरिंग, घरों पर बरसाए पत्थर
अमृतसर के गांव मूले चक्क अधीन पड़ती भाई वीर सिंह कॉलोनी में बीती रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। कुछ युवकों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते गली में हवाई फायर किए और घरों पर ईंट-पत्थर बरसाए। गनीमत रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। चश्मदीद बबलू ने बताया कि मोहल्ले के ही रहने वाले अरुण कुमार और आकाशदीप सिंह ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर गली में हंगामा किया। आरोप है कि हमलावरों ने सीधे फायर भी किए। एक अन्य पीड़ित नरेंद्र सिंह ने बताया कि बिना किसी कारण गोलियां चलाई गईं, जिससे परिवारों की जान-माल को खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोलियों के खाली खोखे बरामद किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बबलू के बयान पर दो नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 17, 2026, 13:52 IST
अमृतसर में गुंडागर्दी: भाई वीर सिंह कॉलोनी में फायरिंग, घरों पर बरसाए पत्थर #SubahSamachar
