पठानकोट में प्रेम संबंधों की रंजिश में युवक की हत्या का आरोप, पांच नामजद
पठानकोट के गांव समराला के 20 वर्षीय युवक गुरबाज सिंह उर्फ बाज की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को नामजद कर जांच तेज कर दी है। मृतक की मां मनप्रीत कौर ने पुलिस को दिए नए बयानों में आरोप लगाया है कि उसके बेटे की हत्या प्रेम संबंधों की रंजिश के चलते की गई। मनप्रीत कौर ने थाना सदर पुलिस को बताया कि उसका बेटा गुरबाज सिंह अपने दोस्त जतिंदर कुमार के साथ निजी काम से गांव राजपरूरा गया था। वापस लौटते समय राजपरूरा गुरुद्वारे के पास करन कुमार उर्फ साहिल उर्फ माना और कुनाल ने उस पर किरच से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुरबाज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां का आरोप है कि राजपरूरा की एक युवती के साथ गुरबाज के प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर युवती के पिता और भाई उससे रंजिश रखने लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या की साजिश में युवती के पिता और भाई की भी भूमिका है। थाना सदर के प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि मृतक की मां के नए बयानों के आधार पर करन कुमार उर्फ साहिल उर्फ माना, कुनाल सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापामारी की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 10:55 IST
पठानकोट में प्रेम संबंधों की रंजिश में युवक की हत्या का आरोप, पांच नामजद #SubahSamachar
