यमुनानगर में अतिथि अध्यापकों ने एकजुट होकर आंदोलन तेज करने का लिया फैसला
शहर के नेहरू पार्क में रविवार को जिला के अतिथि अध्यापकों की एकजुटता बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति और संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक का शुभारंभ पूर्व जिला प्रधान राजबीर सिंह व जसबीर सिंह ने किया। राजबीर सिंह ने अतिथि अध्यापकों से एकजुट होकर साझा आंदोलन तैयार करने का आह्वान किया। इसके बाद रादौर प्रधान जितेंद्र अलाहर, पूर्व जिला प्रधान बलदेव शास्त्री और मातृशक्ति पूनम गुलाटी ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत कुमार ने की। उन्होंने अतिथि अध्यापकों को अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया। इस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने आंदोलन में एकजुट होकर सहयोग करने की सहमति जताई। बैठक में जिला यमुनानगर प्रधान संजीव कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग देने के लिए सभी साथियों का आभार जताया। इसके बाद संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। इसमें टीजीटी गेस्ट संस्कृत, बाडी माजरा निवासी रविंद्र सैनी को सर्वसम्मति से जिला यमुनानगर प्रधान चुना गया। वहीं स्टेट बॉडी के लिए संत कुमार और बलदेव शास्त्री के नाम भेजे गए। नवनियुक्त जिला प्रधान रवींद्र सैनी ने कहा कि 17 से 24 अगस्त तक जिले के सभी विधायकों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें कोर्ट के आदेशानुसार अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की मांग रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अतिथि अध्यापकों को अभियान की जानकारी दी जाएगी और एकजुट होकर इसे सफल बनाया जाएगा। इसके बाद जल्द ही राज्य स्तरीय रैली आयोजित करने की तैयारी की जाएगी। बैठक में मुकेश दामला, वीनस, रोशन लाल, राय सिंह, राजेश, प्रवेश, रमेश, नरेश सैनी, ऋषिपाल, सुशील कुमार समेत अन्य गेस्ट टीचर मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 16, 2026, 15:07 IST
यमुनानगर में अतिथि अध्यापकों ने एकजुट होकर आंदोलन तेज करने का लिया फैसला #SubahSamachar
