एआई से तैयार वायरल वीडियो की ज्ञानी रघबीर सिंह की निंदा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
एआई तकनीक से तैयार एक वायरल वीडियो, जिसमें एक युवक को स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब की परिक्रमा करते हुए दिखाया गया है, को लेकर सिख संगतों में गहरी नाराजगी है। इस संबंध में सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो सिख धार्मिक मर्यादा और भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। ऐसी भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री समाज में भ्रम फैलाती है और युवाओं को गलत दिशा में ले जाती है। सिंह साहिब ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से मांग की कि इस कृत्य में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी पवित्र धार्मिक स्थलों की मर्यादा से छेड़छाड़ करने की हिम्मत न करे। उन्होंने संगत से भी अपील की कि ऐसी वायरल वीडियो को आगे साझा न करें, क्योंकि शेयर करने से आपत्तिजनक सामग्री को और बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और मर्यादा की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 17, 2026, 13:48 IST
एआई से तैयार वायरल वीडियो की ज्ञानी रघबीर सिंह की निंदा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग #SubahSamachar
