Hamirpur: सूने घर में चोरों ने की सेंधमारी, गहनों के साथ 60 हजार रुपये नगदी चोरी

सदर थाना के तहत वुमाणा गांव में चोरी की एक वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने के गहनों के साथ करीब 60 हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह है कि घर के ताले को तोड़ा नहीं गया, बल्कि चाबी से ही खोला गया। चाबी को घर के बिजली के मीटर के समीप रखा था। यही चूक पीड़ित को भारी पड़ी। मामले में किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। शिकायतकर्ता जोगिंद्र सिंह एक बस चालक है। वह दो दिन के लिए बस लेकर शिमला गया था। इस दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जब वह वापिस लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला और कीमती गहने व नगदी गायब थी। जोगिंद्र ने बताया कि सोने का टिक्का, सोने की अगूंठी सहित अन्य गहनों के साथ-साथ 60,000 रुपये गायब हैं। वहीं 700 रुपये शगुन के लिफाफों में थे, वह भी चोर ले गए हैं। जोगिंद्र सिंह का लड़का बद्दी में और लड़की दुबई में काम करती है। पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने कहा कि सोने के गहनों और नगदी की चोरी की शिकायत मिली है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 14, 2026, 16:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Hamirpur: सूने घर में चोरों ने की सेंधमारी, गहनों के साथ 60 हजार रुपये नगदी चोरी #SubahSamachar