हरदोई: शराब के धोखे में पी ली कीटनाशक, युवक की मौत
सुरसा थाना क्षेत्र के सेहरमऊ में रविवार रात शराब के धोखे में युवक ने कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उनको संयुक्त चिकित्सालय लाए। चिकित्सक ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोमवार सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। सुरसा थाना क्षेत्र के सहरमऊ निवासी पिंटू (32) जयपुर में कपड़ा फैक्टरी में काम करते थे। कुछ माह से वह गांव में ही रह रहे थे। बड़े भाई लालाराम के मुताबिक, पिंटू शराब पीने के आदी थे। रविवार की रात लालाराम के कमरे में शराब की बोतल रखी थी। बोतल के बगल में कीटनाशक दवा की बोतल रखी थी। कमरे में पिंटू शराब पी रहे थे। इस दौरान शराब के धोखे में पिंटू ने कीटनाशक पी लिया। बरामदे में बैठे लालाराम ने पिंटू को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं आया। लालाराम कमरे के अंदर गए। वहां पिंटू चारपाई पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजन उनको संयुक्त चिकित्सालय लाए। चिकित्सक ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां चिकित्सक ने उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया। सोमवार की सुबह चार बजे बजे पिंटू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लालाराम ने बताया कि पिंटू की शादी 10 साल पहले बिहार निवासी एक महिला से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया शव का पंचनामा भरवाया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 21:19 IST
हरदोई: शराब के धोखे में पी ली कीटनाशक, युवक की मौत #SubahSamachar
