Video: हमीरपुर में 11 और 12 अप्रैल को 32 स्वास्थ्य केंद्रों में लगेंगे एचपीवी के टीके

लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए शुरू किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 11 और 12 अप्रैल को जिले के 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 14–15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि भारत में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। हर वर्ष इस बीमारी के लगभग 12–13 लाख नए मामले सामने आते हैं, जबकि 75,000–80,000 महिलाओं की इससे मृत्यु हो जाती है। यह कैंसर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) के कारण होता है, जिससे समय पर टीकाकरण द्वारा बचाव संभव है। इसी उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी और विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुमोदित है। विश्व के 150 से अधिक देशों में इसकी करोड़ों खुराक सफलतापूर्वक दी जा चुकी हैं। डॉ. चौधरी ने कहा कि यह वैक्सीन निजी क्षेत्र में पहले से उपलब्ध थी, लेकिन अधिक लागत के कारण सभी के लिए सुलभ नहीं थी। अब सरकार द्वारा इसे 14–15 वर्ष की बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण यू-विन डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किए जाते हैं। इस पोर्टल पर पंजीकरण कर और अपॉइंटमेंट लेकर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर टीका लगवाया जा सकता है। टीकाकरण केंद्र पर आयु प्रमाणपत्र साथ लाना आवश्यक है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 10, 2026, 19:20 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video: हमीरपुर में 11 और 12 अप्रैल को 32 स्वास्थ्य केंद्रों में लगेंगे एचपीवी के टीके #SubahSamachar