Video: समय पर वेतन नहीं मिलने से बिफरे एचआरटीसी कर्मचारी, नाहन में किया प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मचारियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अपनी लंबित मांगों और समय पर वेतन न मिलने के विरोध में शनिवार को नाहन में एचआरटीसी कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने एचआरटीसी वर्कशॉप के बाहर इकट्ठा होकर प्रबंधन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूनियन ने प्रबंधन को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि 1 जून की शाम 5:00 बजे तक सभी कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया, तो उसी रात 12:00 बजे से पूरे प्रदेश में काम ठप कर दिया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई के इस दौर में समय पर वित्तीय लाभ न मिलने के कारण उन्हें अपने परिवारों का पालन-पोषण करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वेतन के अलावा कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) और अन्य वित्तीय लाभ भी लंबे समय से लटके हुए हैं। एचआरटीसी चालक-परिचालक यूनियन नाहन के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को हर महीने अपने ही वेतन के लिए सड़कों पर उतरना पड़ता है। हर माह जब कर्मचारी प्रदर्शन करते हैं, उसके बाद ही प्रबंधन की नींद टूटती है और वेतन जारी किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार कर्मचारी आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं और अगर समय पर मांगें पूरी नहीं हुईं, तो बसों के पहिए पूरी तरह थम जाएंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 23, 2026, 15:27 IST
Video: समय पर वेतन नहीं मिलने से बिफरे एचआरटीसी कर्मचारी, नाहन में किया प्रदर्शन #SubahSamachar
