झांसी में रेलवे मजिस्ट्रेट की चेकिंग से मुस्तरा स्टेशन पर मचा हड़कंप, 178 यात्रियों से वसूला 1.18 लाख का जुर्माना
रेलवे मजिस्ट्रेट अरुण क्रांति यशोदास के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को मुस्तरा स्टेशन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान छह ट्रेनों को रोककर 178 यात्रियों को अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए यात्रियों से 1,18,000 का जुर्माना वसूल किया गया। वहीं, जुर्माना न देने पर दो यात्रियों को जेल व तीन यात्रियों को न्यायालय उठने की सजा सुनाई गई। मजिस्ट्रेट चेकिंग को लेकर मुस्तरा स्टेशन पर छह घंटे तक हड़कंप मचा रहा। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (रेलवे मजिस्ट्रेट) ने मुस्तरा स्टेशन पर झांसी-लखनऊ इंटरसिटी, पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, झांसी-कानपुर मेमू, पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को रुकवाकर चेकिंग कराई। सुबह छह बजे पहुंचे मजिस्ट्रेट के साथ भारी फोर्स व टिकट चेकिंग स्टॉफ से यात्रियों में हड़कंप मचा रहा। कई यात्री ने छिपने-भागने का प्रयास करते रहे, जिन्हें पकड़कर जुर्माना वसूला गया। टीम में सीटीआई मनोहर लाल मीना, अशोक त्रिपाठी, मनोज सिंह बघेल सहित 31 टिकट जांच कर्मी शामिल रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 27, 2026, 03:08 IST
झांसी में रेलवे मजिस्ट्रेट की चेकिंग से मुस्तरा स्टेशन पर मचा हड़कंप, 178 यात्रियों से वसूला 1.18 लाख का जुर्माना #SubahSamachar
