ललितपुर में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव को अपने साथ ले गई दिल्ली पुलिस, एआई समिट में प्रदर्शन का आरोप

एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के आरोप में रविवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रितिक शुक्ला उर्फ मोंटी शुक्ला को दिल्ली पुलिस ने ललितपुर से हिरासत में ले लिया। पुलिस लाइन में घंटों पूछताछ के बाद उनको अपने साथ दिल्ली ले गई। दिल्ली के भारत मंडपम में एआई समिट में 20 फरवरी को यहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।जांच के दौरान सामने आया कि इस प्रदर्शन की रूपरेखा बनाने और समिट में प्रवेश के लिए कराए गए पंजीकरण में जनपद के युवा कांग्रेसी नेता एवं युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रितिक शुक्ला उर्फ मोंटी शुक्ला का नाम भी शामिल है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम रविवार को ललितपुर पहुंची। टीम ने कोतवाली सदर में आमद दर्ज कराने के बाद नई बस्ती स्थित उनके आवास पर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में कई घंटों तक पूछताछ की गई। शाम करीब चार बजे दिल्ली पुलिस उन्हें अपने साथ दिल्ली ले गई। सूत्रों के अनुसार, एआई समिट स्थल तक पहुंचने के लिए जिन लोगों ने पंजीकरण कराया था, उनमें रितिक शुक्ला का नाम भी दर्ज है और उनके दिल्ली जाने की पुष्टि भी हुई है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि रितिक शुक्ला दिल्ली जरूर गए थे, लेकिन प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। उनका दावा है कि वह रिश्तेदारी में होशंगाबाद में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने चले गए थे, जबकि प्रदर्शन 20 फरवरी को हुआ था। इसके समर्थन में टिकट और अन्य साक्ष्य होने की बात भी कही जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 23, 2026, 06:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


ललितपुर में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव को अपने साथ ले गई दिल्ली पुलिस, एआई समिट में प्रदर्शन का आरोप #SubahSamachar