सोनीपत में उपायुक्त नेहा सिंह की अगुवाई में महिलाओं ने निकली भव्य तिरंगा यात्रा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को लघु सचिवालय परिसर से महिला तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस यात्रा में जिले की सैकड़ों महिलाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामकर पूरे उत्साह और गर्व के साथ भाग लिया। तिरंगा यात्रा में जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, नगराधीश सिमरन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ती महिलाओं ने नारी शक्ति के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और समर्पण का संदेश दिया। महिलाओं की भागीदारी ने हर घर तिरंगा अभियान को दी नई ऊर्जा-नेहा सिंह उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज महिला तिरंगा यात्रा में जिस उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया, वह सोनीपत की नारी शक्ति की मजबूत राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है। महिलाएं परिवार और समाज में जागरूकता की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनका इस अभियान से जुडऩा विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। राष्ट्रीय ध्वज उन सभी वीर शहीदों के बलिदान और देश की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवारों में बच्चों और युवाओं को तिरंगे के महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्र के प्रति नागरिक कर्तव्यों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि हर घर में तिरंगा और हर दिल में देशभक्ति की भावना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता है। नारी शक्ति देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण में हमेशा अग्रणी-चेयरपर्सन मोनिका दहिया जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने कहा कि महिलाओं की तिरंगा यात्रा यह संदेश देती है कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण के हर अभियान में बढ़-चढक़र अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और सम्मान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान में आयोजित इस यात्रा में सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी अपने आप में गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति प्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने परिवारों में देशभक्ति और संस्कारों की पहली पाठशाला होती हैं। यदि प्रत्येक महिला अपने बच्चों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करे तो राष्ट्रभक्ति की यह भावना आने वाली पीढिय़ों तक और मजबूत होगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराएं और पूरे सम्मान के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करें। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया है। तिरंगे के साथ दिखी नारी शक्ति की गौरवमयी तस्वीर महिला तिरंगा यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक हाथों में लेकर यात्रा में सहभागिता की। उनके चेहरों पर देश के प्रति गर्व और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। यात्रा के माध्यम से महिलाओं ने संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण और देशभक्ति के कार्यों में महिलाएं हर मोर्चे पर अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं की भागीदारी से मजबूत हुआ हर घर तिरंगा का संदेश तिरंगा यात्रा के माध्यम से महिलाओं ने आमजन को संदेश दिया कि राष्ट्रीय पर्व केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर नागरिक का सांझा उत्सव है। तिरंगा देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है तथा इसके सम्मान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी राष्ट्र के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 13:54 IST
सोनीपत में उपायुक्त नेहा सिंह की अगुवाई में महिलाओं ने निकली भव्य तिरंगा यात्रा #SubahSamachar
