फतेहाबाद: टोहाना में सीनियर सिटीजन सेवा समिति ट्रस्ट के सदस्यों ने नशा मुक्त भारत के लिए लिया संकल्प, ब्रह्मकुमारी की कार्यशाला में दिलाई शपथ
टोहाना में सीनियर सिटीजन सेवा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में काली माता मंदिर रोड स्थित कार्यालय प्रांगण में ब्रह्मकुमारी द्वारा नशा मुक्त भारत महाअभियान के अंतर्गत एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों को नशा मुक्त रहने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी बीके बहन वंदना ने कहा कि नशा व्यक्ति को आर्थिक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से खोखला कर देता है और अपमानजनक जीवन जीने को मजबूर करता है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी पूरे देश में 6 अगस्त से 20 अगस्त तक 10 करोड़ से अधिक लोगों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाकर भारत को स्वस्थ और स्वच्छ बनाने का प्रयास कर रही है। यह अभियान दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिसिन से नशा छुड़ाया जाता है और भगवान का नाम ही सच्चा नशा है जिससे आत्मा को शांति और विवेक शक्ति मिलती है। बीके बहन गायत्री ने कहा कि ब्रह्मकुमारी आश्रम में नशा मुक्ति केंद्र और शिविर लगाए जाते हैं। राजयोग, संकल्प बल और मनोबल से नशे पर नियंत्रण सिखाया जाता है। दवाइयों से व्यक्ति फिर नशे का आदी हो सकता है, लेकिन राजयोग से स्थायी समाधान मिलता है। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष कामराज शर्मा ने बीके बहनों का स्वागत किया। संस्थापक शशि भूषण गुप्ता ने आभार जताया। इस अवसर पर खुशीराम, संजीव पाहवा, संजीव अरोड़ा, तरसेम कांसल, प्रेम प्रकाश शास्त्री, एडवोकेट सुभाष गर्ग सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। जानकारी मीडिया प्रभारी सुभाष जैन ने दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 10, 2026, 12:26 IST
फतेहाबाद: टोहाना में सीनियर सिटीजन सेवा समिति ट्रस्ट के सदस्यों ने नशा मुक्त भारत के लिए लिया संकल्प, ब्रह्मकुमारी की कार्यशाला में दिलाई शपथ #SubahSamachar
