जालंधर में छात्रों के विवाद में महिला टीचर ने एक बच्चे को पीटा, मां हुई बेहोश
जालंधर के गढ़ा के टंकी मोहल्ला स्थित स्कूल में छात्रों के आपसी विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। एक शिक्षक पर छठी कक्षा के छात्र की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करने के आरोप लगे हैं, जिसके बाद स्कूल परिसर में भारी हंगामा हो गया। घटना के दौरान एक छात्र की मां बेहोश भी हो गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही थाना 7 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित छात्र के पिता राकेश कुमार के अनुसार, उनके बेटे का स्कूल में एक अन्य छात्र से झगड़ा हुआ था, जो स्कूल टीचर रितु का रिश्तेदार बताया जा रहा है। आरोप है कि झगड़े के बाद टीचर ने राघव को पीटना शुरू कर दिया और उसे घर तक ले जाकर भी मारपीट की। इस घटना की जानकारी उन्हें एक अन्य शिक्षक के फोन के माध्यम से मिली। पिता का कहना है कि घटना के बाद उनका बेटा डरा हुआ है और स्कूल जाने से घबरा रहा है। परिवार जब इस मामले में स्कूल प्रिंसिपल से मिलने पहुंचा तो वहां दूसरे छात्र के अभिभावक भी मौजूद थे। आरोप है कि शिक्षक और उनके परिजनों ने पीड़ित परिवार के साथ बहस की। एक अन्य महिला संगीता ने भी आरोप लगाया कि जब वह अपने बच्चे को लेने पहुंची तो टीचर ने उसके बेटे राहुल की भी पिटाई की। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद कुछ महिलाएं घर तक पहुंचीं और धमकी देते हुए बच्चे को बाहर बुलाने लगीं। आरोप है कि छात्र को गली में ले जाकर भी पीटा गया और शिकायत करने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जांच अधिकारी एएसआई सुच्चा सिंह ने बताया कि शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई की शिकायत मिली है। परिवार को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है, जिसके बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में शिक्षक दोषी पाए गए तो कानूनी कार्रवाई अवश्य की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 14, 2026, 15:59 IST
जालंधर में छात्रों के विवाद में महिला टीचर ने एक बच्चे को पीटा, मां हुई बेहोश #SubahSamachar
