Kangra: विश्व साइक्लिंग दिवस पर धर्मशाला में निकली जागरूकता रैली, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

विश्व साइक्लिंग दिवस के अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) धर्मशाला में रविवार को विशेष 'संडेज ऑन साइक्लिंग' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों, एनडीआरएफ टीम और माय भारत वालंटियर्स सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिट इंडिया अभियान का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों के एकत्रीकरण के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत और सम्मान किया गया। साई एनसीओई धर्मशाला के प्रभारी ने विश्व साइक्लिंग दिवस और फिट इंडिया मूवमेंट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. ललिता शर्मा ने युवाओं को साइक्लिंग और नियमित व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विशेष अतिथि डॉ. हरीश चंदर शर्मा, डॉ. कुशल कटोच और पीईएफआई के ए.के. धीमान ने भी स्वास्थ्य, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के महत्व पर अपने विचार साझा किए। इसके बाद 'संडेज ऑन साइक्लिंग' जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स धर्मशाला से वॉर मेमोरियल तक निकाली गई और वापस परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जिन प्रतिभागियों ने साइक्लिंग में हिस्सा नहीं लिया, उनके लिए योग और स्किपिंग जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं तथा फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 07, 2026, 05:27 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Kangra: विश्व साइक्लिंग दिवस पर धर्मशाला में निकली जागरूकता रैली, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा #SubahSamachar