कानपुर: सीए के लिए बढ़ते जा रहे हैं वैश्विक अवसर, गोष्ठी में वक्ताओं ने दी जानकारी

आईसीएआई की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की ओर से सोमवार को लखनपुर स्थित सीए संस्थान में आईसीएआई ग्लोबल ऑर्बिट -जीसीसी से ग्लोबल लीडरशिप तक विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए देश और विदेश में तेजी से नए अवसर बढ़ रहे हैं। बड़े शहरों के अलावा छोटे शहरों में भी मांग बढ़ी है। सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन सीए अंकुर गोयल ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को विदेशी कंपनियों और वैश्विक क्षमता केंद्रों के साथ काम करने के तरीके बताना था। उन्हें विदेशों में अपने ग्राहक बनाने और छोटे शहरों से अंतरराष्ट्रीय स्तर की सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। गिफ्ट-आईएफएससी जैसे नए वित्तीय केंद्रों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने पर भी जोर दिया गया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते उपयोग और भविष्य में काम करने के बदलते तरीकों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय परिषद सदस्य अनुज गोयल ने वैश्विक क्षमता केंद्रों के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थानों के सहयोग के अवसरों पर बात की। ग्लोबल ट्रेड एंड सर्विसेज कमेटी के अध्यक्ष संजीब सांघी ने विदेशों में पहला ग्राहक प्राप्त करने के तरीके बताए। सीए रवि अल्लूरी ने छोटे और मध्यम शहरों से लेखांकन आउटसोर्सिंग पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कानपुर जैसे शहरों के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स विदेशी कंपनियों को लेखांकन और अन्य पेशेवर सेवाएं दे सकते हैं। आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर विमल कुमार ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सही उपयोग से काम को आसान, तेज और बेहतर बनाने पर प्रकाश डाला। उन्होंने पेशेवर क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व को भी समझाया। आईएफएससीए के महाप्रबंधक आशुतोष शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्रों का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र देश के लिए किस तरह नए अवसर पैदा कर रहा है। सहायक महाप्रबंधक कल्पेश मेहता ने गिफ्ट-आईएफएससी में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए उपलब्ध काम और व्यवसाय के नए अवसरों की जानकारी दी। मौके पर दीप कुमार मिश्रा, राजेश मेहरा, अनिल सक्सेना, शाश्वत गुप्ता, शिवा गुप्ता, मनु अग्रवाल, शिवम गुप्ता, आकाश गुप्ता, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, लक्ष्मी सक्सेना, सजल जैन, विनीत रूंगटा, गुरप्रीत सिंह भल्ला आदि थे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 03, 2026, 15:27 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


कानपुर: सीए के लिए बढ़ते जा रहे हैं वैश्विक अवसर, गोष्ठी में वक्ताओं ने दी जानकारी #SubahSamachar