कानपुर: महाधिवेशन के लिए व्यापारियों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर ने नौ अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित व्यापारिक महाधिवेशन की तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को जिलाध्यक्ष सुनील बजाज के नेतृत्व में नवीन मार्केट से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की गई। व्यापारियों से महाधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और अपनी व्यापारिक समस्याएं संगठन तक पहुंचाने की अपील की गई। सुनील बजाज ने कहा कि महाधिवेशन में ऑनलाइन व्यापार से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, खाद्य विभाग और मंडी समिति से जुड़ी समस्याओं समेत व्यापारियों के विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग बाजारों में चरणबद्ध तरीके से संपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों को दिल्ली चलने का आह्वान किया जा रहा है। इसके तहत नवीन मार्केट एसोसिएशन, पेंचबाग रेडीमेड मर्चेंट एसोसिएशन, परेड बाजार कमेटी, मयूर मिल एसोसिएशन और पुस्तक मार्केट परेड के व्यापारियों से संपर्क किया गया। इस दौरान रामेश्वर गुप्ता, कृपा शंकर त्रिवेदी, प्रदीप गुप्ता, सुरेश गुप्ता, सरताज अहमद, विनय अरोड़ा, महेंद्र गुप्ता, कामिल अंसारी, संतोष गुप्ता, मोहम्मद रिजवान सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 03, 2026, 15:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


कानपुर: महाधिवेशन के लिए व्यापारियों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान #SubahSamachar