किसान जागृति यात्रा पहुंची पंजाब

किसान जागृति यात्रा ने पंजाब में प्रवेश किया जहां 25 से अधिक जगहों पर ट्रैक्टरों के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। उसके बाद कोटकपूरा में विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। रास्ते में फाजिल्का, मलौट, मुक्तसर, सादिक समेत अनेकों जगहों पर किसानों ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। आज मुख्य तौर पर यात्रा में जगजीत सिंह डल्लेवाल, काका सिंह कोटड़ा, सतनाम सिंह बेहरु, बलदेव सिंह सिरसा, बलदेव सिंह बडाला, हरसुलिन्दर सिंह, जसवीर सिंह सिद्धूपुर, इंदरजीत सिंह घनिया, परगट सिंह, बलजीत सिंह मुक्तसर, बोहड़ सिंह, अरुण पटेल, सुरेश पाटिल, सोनवीर सिंह, इंदरजीत पन्नीवाला, महावीर सहारण, हर्षदीप सिंह गिल, संतोष नागर, मोनीष राजपूत शामिल हुए। किसानों को सम्बोधित करते हुए जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि भारत-अमेरिका के मध्य होने जा रहा मुक्त व्यापार समझौता भारत के किसानों और खेती के ऊपर बहुत बड़ा हमला है जिसका सब को मिलजुलकर मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा 7 फरवरी को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और तमाम राज्यों में उन्हें जबरदस्त जनसमर्थन मिला है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आने वाली 19 मार्च को देशभर से लाखों किसान दिल्ली के रामलीला मैदान में पहुंचकर इस मुक्त व्यापार समझौते से खेती, डेयरी एवम पोल्ट्री क्षेत्रों को बाहर रखने के लिए भारत सरकार पर जरूरी दबाव बनाने में सफल होंगे। किसान नेता काका सिंह कोटड़ा ने कहा कि 2006 में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट आई थी और 20 साल बीत चुके हैं एवम कई सरकारें आयी व कई सरकारें गयी लेकिन किसी भी सरकार ने उस रिपोर्ट को लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लिए 7-8 वेतन आयोग लागू हो चुके हैं लेकिन किसानों के लिए सिर्फ 1 आयोग बना और दुर्भाग्यवश उस आयोग की रिपोर्ट भी लागू नहीं करी गयी। कल मोड़ और मानसा में 2 किसान महापंचायतों का आयोजन किया जाएगा जिसमें किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 07, 2026, 11:27 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


किसान जागृति यात्रा पहुंची पंजाब #SubahSamachar