जींद: जुलाना की अनाज मंडी में उठान व्यवस्था ठप, वुडन कैरेट की कमी से संकट

कस्बे की अनाज मंडी में इन दिनों गेहूं की बंपर आवक के चलते अव्यवस्था का माहौल बन गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की खरीद एजेंसी के पास वुडन कैरेट की कमी के कारण गेहूं का उठान पूरी तरह ठप हो गया है। हालात यह हैं कि मंडी में चारों तरफ गेहूं के ढेर लग गए हैं और जगह-जगह अनाज बिखरा पड़ा है, जिससे किसानों और आढ़तियों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में गेहूं की लगातार आवक के बावजूद उठान न होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। किसानों को अपनी फसल बेचने के बाद भी भुगतान और उठान को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। मंडी में अब तक लगभग 21 लाख बैग की खरीद हो चुकी है लेकिन 10 लाख 10 हजार बैग का उठान नही हो पाया है। मंडी से गेहूं की फसल के भंडारण के लिए लगभग 6 हजार वुडन कैरेट की आवश्कता है। मंडी के प्रधान पवन लाठर ने कहा कि यदि जल्द ही वुडन कैरेट की व्यवस्था नहीं की गई तो मजबूरन मंडी को बंद करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत समस्या का समाधान करने की मांग की है।उन्होंने आगे कहा कि गेहूं को पीला सोना कहा जाता है, लेकिन मौजूदा हालात में यह सोना किसानों के लिए संकट का कारण बनता जा रहा है। खुले में पड़ा गेहूं मौसम की मार झेल सकता है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 23, 2026, 17:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


जींद: जुलाना की अनाज मंडी में उठान व्यवस्था ठप, वुडन कैरेट की कमी से संकट #SubahSamachar