लखनऊ में मस्जिद कमेटी के विवाद में मारपीट व पथराव

लखनऊ में गुडंबा क्षेत्र के अमन सिटी स्थित मस्जिद के कमेटी को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार देर शाम हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कॉलोनी के एक युवक ने 20-25 लोगों के साथ मिलकर मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद ताहिर से गाली गलौज की। बचाव में घर में घुसे तो आरोपियों ने घर पर पथराव व तोड़फोड़ की। पीड़ित ने गुडंबा थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अमन सिटी निवासी मोहम्मद ताहिर ने बताया कि वह कॉलोनी की मस्जिद के अध्यक्ष हैं। पड़ोस में रहने वाले पिता पुत्र कमेटी के मुद्दे को लेकर विवाद करते रहते हैं। मंगलवार देर शाम युवक ने 20-25 लोगों ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह पड़ोसी रईस अहमद के घर घुस गए। आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी और पथराव किया गया। इससे इलाके में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मस्जिद कमेटी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 04, 2026, 10:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


लखनऊ में मस्जिद कमेटी के विवाद में मारपीट व पथराव #SubahSamachar