सोनीपत नगर निगम में भारी हंगामा, पुलिस के साये में सफाई की कोशिश नाकाम; जॉइंट कमिश्नर को भीड़ से सुरक्षित निकाला
हरियाणा में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों और प्रशासन के बीच आज सोनीपत नगर निगम में जमकर टकराव देखने को मिला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शहर की सफाई कराने का प्रयास पूरी तरह विफल रहा और स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। पुलिस छावनी में तब्दील हुआ नगर निगम कार्यालय सोनीपत नगर निगम कार्यालय के बाहर आज सुबह से ही कई थानों की पुलिस तैनात थी। प्रशासन की मंशा पुलिस सुरक्षा के बीच शहर में सफाई अभियान शुरू करने की थी। जैसे ही नगर निगम के कुछ कर्मचारियों ने सफाई शुरू की, वहां मौजूद आंदोलनकारी सफाई कर्मचारियों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और काम को बीच में ही रुकवा दिया। जॉइंट कमिश्नर का घेराव और जेसीबी पर कब्जा हंगामे की सूचना मिलते ही ज्वाइंट नगर निगम कमिश्नर मौके पर पहुंचीं, लेकिन उन्हें सफाई कर्मचारियों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई और जमकर नारेबाजी की। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि तैनात पुलिस बल को कड़ी मशक्कत के बाद जॉइंट कमिश्नर को कर्मचारियों के बीच से सुरक्षित निकाल कर ले जाना पड़ा। इस दौरान एक हैरान कर देने वाला नजारा तब दिखा जब महिला सफाई कर्मचारी जेसीबी मशीन के ऊपर चढ़ गईं और मशीन को काम करने से रोकते हुए उसे बेरंग वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। सड़कों पर फिर फैलाया कचरा प्रशासन ने जिन गाड़ियों में कूड़ा इकट्ठा करवाया था, प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने उन गाड़ियों को रोक लिया और सारा कूड़ा वापस सड़कों पर बिखेर दिया। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे काम नहीं होने देंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 12, 2026, 09:52 IST
सोनीपत नगर निगम में भारी हंगामा, पुलिस के साये में सफाई की कोशिश नाकाम; जॉइंट कमिश्नर को भीड़ से सुरक्षित निकाला #SubahSamachar
