Manali: मनाली में विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित अभद्रता का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
पर्यटन नगरी मनाली में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में एक युवक महिला के साथ अनुचित हरकत करता दिखाई दे रहा है, जिसकी सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना मनाली क्षेत्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक विदेशी महिला सड़क पर चलती दिखाई देती है, जबकि एक युवक उसके पास से गुजरते समय कथित रूप से अनुचित व्यवहार करता नजर आता है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक संबंधित महिला या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और वीडियो की सत्यता तथा घटना स्थल की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना की निंदा करते हुए संबंधित युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश की छवि को प्रभावित करती हैं और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लेने की बात कही है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने या जांच में तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 05, 2026, 15:50 IST
Manali: मनाली में विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित अभद्रता का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी #SubahSamachar
