Mandi: हणौगी टनल में वाहन चालकों में मारपीट, वीडियो वायरल
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्थित हणौगी टनल के भीतर वाहन चालकों के बीच कहासुनी और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि टनल के भीतर जाम के दौरान आगे निकलने की होड़ में कुछ चालक आपस में उलझ पड़े। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य लोग बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के चलते कुछ समय तक टनल के भीतर यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। औट थाना से मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो बीते रोज दोपहर बाद का बताया जा रहा है। पास को लेकर कुछ वाहन चालक आपस में भिड़ गए थे। बाद में सभी लोगों ने आपस में ही मामला सुलझा लिया। फिलहाल पुलिस थाना में मारपीट को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। प्रदेश में इन दिनों पर्यटन सीजन के चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। जाम की स्थिति बनने पर कई वाहन चालक लाइन तोड़कर आगे निकलने का प्रयास करते हैं। इसी जल्दबाजी और होड़ के चलते कई बार वाहन चालक आपस में उलझ जाते हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक और जाम की स्थिति में संयम बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 14:21 IST
Mandi: हणौगी टनल में वाहन चालकों में मारपीट, वीडियो वायरल #SubahSamachar
