सफाई अभियान का मेयर ने किया निरीक्षण, दो जगह मिले टूटे सीवर ढक्कन
सोनीपत। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर सोनीपत अभियान के तहत 53वें सप्ताह सफाई अभियान चलाया गया। ज्योतिबा फुले चौक सब्जी मंडी से हनुमान नगर तक सफाई की गई। मेयर राजीव जैन ने अभियान में शामिल होकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेयर राजीव जैन को दो स्थानों पर सीवर के ढक्कन टूटे मिले। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन कर जल्द नए ढक्कन लगवाने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई के साथ नागरिकों की सुरक्षा भी नगर निगम की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर टूटी सड़कों, खुले सीवर और अन्य समस्याओं का समय पर समाधान जरूरी है। मेयर ने दुकानदारों से अपील की कि वे दुकानों का कूड़ा सड़क या खुले स्थान पर न डालें, बल्कि नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही डालें। उन्होंने कहा कि शहर को साफ रखना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही बाजारों और सड़कों को स्वच्छ रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। इस दौरान पूर्व पार्षद हरिप्रकाश सैनी, मुख्य सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी, शैलेंद्र तोमर, विक्की, नकीन मेहरा, प्रवेश आंतिल, मुकेश, जगदीश सैनी, प्रवीन, जयभगवान सैनी, सफाई दरोगा कृष्ण भी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 15:30 IST
सफाई अभियान का मेयर ने किया निरीक्षण, दो जगह मिले टूटे सीवर ढक्कन #SubahSamachar
