Meerut: सिवाया टोल प्लाजा की बाइक लेन में घुसी निजी बस, हाईटेंशन पोल से टकराई, बड़ा हादसा टला
मेरठ के दौराला क्षेत्र में शनिवार को एक निजी बस की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से मुजफ्फरनगर जा रही बस अचानक सिवाया टोल प्लाजा की बाइक लेन में गलत दिशा से घुस गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के पोल से टकरा गई। टोल के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान के अनुसार बस चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। नियंत्रण बिगड़ने पर बस बाइक लेन में पहुंच गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार, टोलकर्मी और सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गए। बस आगे बढ़ते हुए महाराणा प्रताप एकेडमी के पास हाईटेंशन पोल से टकराकर रुक गई। हादसे में महाराणा प्रताप एकेडमी का मुख्य गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लोगों ने बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 18:02 IST
Meerut: सिवाया टोल प्लाजा की बाइक लेन में घुसी निजी बस, हाईटेंशन पोल से टकराई, बड़ा हादसा टला #SubahSamachar
