Meerut: ईकड़ी में रालोद की एकता रैली, जयंत चौधरी ने संगठन मजबूती और भाईचारे पर दिया जोर
मेरठ के सरधना क्षेत्र के ईकड़ी गांव में आयोजित रालोद की एकता रैली में केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता और युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रालोद का मूल उद्देश्य किसानों, मजदूरों और समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि पार्टी की जड़ें चौधरी चरणसिंह और चौधरी अजित सिंह की विचारधारा में हैं, जो आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए युवा शक्ति को आगे आना होगा और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि रालोद सरकार में रहते हुए लगातार प्रयास कर रहा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचे और किसानों तथा आम लोगों के हितों को प्राथमिकता मिले। सभा में उन्होंने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि समाज में जाति और धर्म के आधार पर विभाजन नहीं होना चाहिए। आपसी भाईचारे और सहयोग से ही क्षेत्र का विकास संभव है। जयंत चौधरी ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर देते हुए कहा कि आज बेटियां शिक्षा सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 25, 2026, 20:37 IST
Meerut: ईकड़ी में रालोद की एकता रैली, जयंत चौधरी ने संगठन मजबूती और भाईचारे पर दिया जोर #SubahSamachar
