नारनौल : हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर डीसी अनुपमा अंजली ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 के सफल और पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यह निर्देश उपायुक्त अनुपमा अंजली ने मंगलवार को लघु सचिवालय में ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेंटर सुपरवाइजर तथा अधिकारियों की एक बैठक में दिए। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि आगामी 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए महेंद्रगढ़ जिले में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें उपमंडल नारनौल में 7 और उपमंडल महेंद्रगढ़ में 15 केंद्र शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण के लिए फ्लाइंग स्क्वाड (उड़नदस्ते) का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि लेवल 3 की परीक्षा 4 जुलाई को दोपहर बाद 3 से शाम 5 बजकर 30 मिनट तक होगी। लेवल 2 की परीक्षा 5 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक होगी। लेवल 1 की परीक्षा 5 जुलाई को ही दोपहर 3 से शाम 5 बजकर 30 मिनट तक संचालित की जाएगी। नारनौल उपमंडल में केवल लेवल 2 की परीक्षा आयोजित की जाएगी बाकी परीक्षाएं महेंद्रगढ़ उप मंडल में होंगी। नेत्रहीन और दिव्यांग अभ्यर्थी जो लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें परीक्षा में 20 मिनट प्रति घंटा के हिसाब से कुल 50 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की एंट्री सुबह की शिफ्ट में 7.50 तथा शाम की शिफ्ट में 12.50 पर शुरू हो जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 16:57 IST
नारनौल : हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर डीसी अनुपमा अंजली ने ली बैठक #SubahSamachar
