सोनीपत: 2190 विद्यार्थियों ने दी एनएमएमएस परीक्षा, उत्तीर्ण छात्र होंगे छात्रवृत्ति के हकदार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए स्कूल फीस की आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए रविवार को राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा आयोजित की गई। जिलाभर के 2862 विद्यार्थियाें के लिए एनएमएमएस परीक्षा का आयोजन 10 केंद्रों पर किया गया। जिला शिक्षा विभाग ने सभी केंद्रों पर परीक्षा के लिए बोर्ड परीक्षा तर्ज पर सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए। सभी केंद्रों पर नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए कड़ी चौकसी के बीच विद्यार्थियाें को परीक्षा में शामिल किया गया। छात्रवृत्ति योजना के तहत एनएमएमएस परीक्षा के लिए प्रदेशभर में आवेदन करने वाले कुल 54,475 विद्यार्थियों के लिए 192 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सोनीपत में 10 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 से 02 बजे तक 3 घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। अधिकतर केंद्रों पर सभी हलकों से परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थी अपने परिजनों के साथ केंद्र पर पहुंचे। प्रवेश पत्र जांच के बाद ही विद्यार्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। इसके बाद परिजन परीक्षा संपन्न होने तक केंद्रों के बाहर अपने बच्चों का इंतजार करते नजर आए। जिला में कुल 2862 विद्यार्थियाें में से 2190 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 672 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। अब परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी हर माह 1000 रुपये छात्रवृत्ति के हकदार होंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 30, 2025, 19:41 IST
सोनीपत: 2190 विद्यार्थियों ने दी एनएमएमएस परीक्षा, उत्तीर्ण छात्र होंगे छात्रवृत्ति के हकदार #SubahSamachar
