जालंधर में नीट पेपर लीक के विरोध में डीसी कार्यालय के सामने न्याय सत्याग्रह
नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने न्याय सत्याग्रह शुरू किया गया। इस दाैरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजिंदर बेरी भी माैजूद रहे। सत्याग्रह के दौरान ब्राह्मण वेलफेयर बोर्ड पंजाब के पूर्व डायरेक्टर रवीश राज शर्मा 12 घंटे की भूख हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यह न्याय सत्याग्रह किसी राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि सामाजिक मंच से आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वह इस आंदोलन का समर्थन करें व युवाओं की आवाज को मजबूत बनाने में सहयोग दें। रवीश राज शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। यदि विद्यार्थियों की मांगों का जवाब संवाद से देने के बजाय बल प्रयोग किया जाएगा तो इससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा। रवीश राज शर्मा ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जब-जब युवाओं ने अपने अधिकारों और देश के भविष्य के लिए आवाज उठाई है, तब-तब सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने मांग की है कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से हटाया जाए। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 24, 2026, 14:05 IST
जालंधर में नीट पेपर लीक के विरोध में डीसी कार्यालय के सामने न्याय सत्याग्रह #SubahSamachar
