VIDEO: आंबेडकर प्रतिमा खंडित होने पर फूटा आक्रोश

मैनपुरी के बेवर क्षेत्र के ग्राम राजनगर में मंगलवार की रात आंबेडकर प्रतिमा खंडित कर चेहरे पर गंदगी लगा दी गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने जब प्रतिमा को खंडित देखा तो उनमें आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के साथ आंबेडकर अनुयायी जमा हो गए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम भोगांव, क्षेत्राधिकारी भोगांव ने बसपा नेताओं के साथ मिलकर आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। बुधवार सुबह राजनगर स्थित आंबेडकर पार्क में प्रतिमा खंडित होने की जानकारी टहलने निकले गांव के ही शैलेंद्र व अखिलेश को हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर जमा हो गए ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। जानकारी होते ही बसपा मंडल कोऑर्डिनेटर दीपक पेंटर, जिलाध्यक्ष मनीष सागर, राजू गुप्ता सहित क्षेत्र केे तमाम आंबेडकर अनुयायी वहां पहुंच गए। सूचना मिलते ही एसडीएम भोगांव नीरज कुमार द्विवेदी व क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि इसी प्रतिमा को 15 साल पहले भी क्षतिग्रस्त किया गया था। दूसरी बार क्षतिग्रस्त होने पर अनुयायियों का ग़ुस्सा स्वाभाविक है। पुलिस ने राजनगर निवासी रोहित कुमार की तहरीर पर रोहित यादव निवासी रामलीला मैदान बेवर, शेरू ठाकुर निवासी जैतपुर सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने व सौहार्द बिगाड़ने की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 20, 2026, 20:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: आंबेडकर प्रतिमा खंडित होने पर फूटा आक्रोश #SubahSamachar