ग्रेटर नोएडा: वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पद्मश्री दीपा मलिक ने कही ये बात
शुक्रवार को गौंड़ इंटरनेशनल स्कूल में 'शक्ति, सेलिब्रेटिंग एम्पावरमेंट' थीम पर आयोजित हुए वार्षिकोत्सव 8.0 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री व खेल रत्न से सम्मानित पैरा एथलीट डॉ. दीपा मलिक शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक शिक्षित बेटी न केवल परिवार बल्कि देश के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती है। यदि परिवार में एक बेटी पढ़ जाती है तो परिवार की सात पीढ़ियां संवर जाती हैं। उन्होंने अपने संघर्षों को साझा करते हुए कहा कि उनका शरीर का निचला हिस्सा लकवाग्रस्त है, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय यह समझने का प्रयास किया कि बची हुई क्षमताओं का सकारात्मक उपयोग कर देश और समाज के लिए क्या योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज का दौर बेटियों के लिए नए अवसरों का दौर है। अब बेटियां केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। खेल, शिक्षा, विज्ञान और सेना जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी इसका प्रमाण है। साथ ही देश की बेटियां अब हर चुनौती का मजबूती से सामना कर रही हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी-2 स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा डॉ. दीपा मलिक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। करीब दो घंटे तक चले कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्ति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में ई-वेस्ट से तैयार विभिन्न कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। छात्रों द्वारा तैयार कमल, गिटार और भारत के नक्शे सहित कई मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। गौंड़ ग्रुप ऑफ स्कूल्स की निदेशक मंजू गौंड़ ने कहा कि समाज के निम्न वर्ग की कई बेटियां संसाधनों के अभाव में अच्छी शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। उनकी आवाज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुना और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे अभियानों के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी विशेष जोर दे रहा है। ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव शक्ति: सेलिब्रेटिंग एम्पावरमेंट में छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 17:54 IST
ग्रेटर नोएडा: वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पद्मश्री दीपा मलिक ने कही ये बात #SubahSamachar
