रायबरेली में गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, एजेंसियों पर लगी भीड़

रायबरेली में शहर, कस्बा और गांवों में रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस एजेंसियों पर सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। बुधवार को बाईपास स्थित एक गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। यहां गैस बुकिंग और सिलेंडर वितरण को लेकर अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला। लोगों का कहना है कि एक सप्ताह पहले कराई गई बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। शहर गोराबाजार में गैस एजेंसी पर ताला लगा होने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने जमकर हंगामा किया और डीएम से शिकायत की। लालगंज पूरे गुरदी मजरे पौशाला मोहल्ला निवासी उपभोक्ता राजू ने बताया कि कई दिन पहले बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई। इससे घर की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। गैस की कमी का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। कामर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से ढाबा और होटल संचालकों को दिक्कत हो रही है। कई लोग कोयले की भट्ठी से काम चला रहे हैं। होटल व्यवसाय से जुड़े राम सिंह चौहान ने बताया कि हाल ही में गैस की कीमतें भी बढ़ी हैं। अब आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। इससे कारोबार पर असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गैस की नियमित आपूर्ति कराने की मांग की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 12, 2026, 13:39 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


रायबरेली में गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, एजेंसियों पर लगी भीड़ #SubahSamachar