महेशरा में तालाब में परिवर्तित दस गांवों को जोड़ रही सड़क

दस से अधिक गांवों को जोड़ रही महेशरा गांव में मुख्य सड़क तालाब में परिवर्तित है। दूर तक पानी ही पानी दिखाई दे रहा हैै। जहां जल भराव से आस पास के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पानी में खड़े बिजली के खंभों में करंट उतरने का खतरा बना रहता है। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत महेशरा में रेलवे स्टेशन है। इसके अलावा यहां पर दो इंटर कॉलेज, एक शिशु मंदिर, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। बैंक और सरकारी अस्पताल भी है। इंटर कॉलेजों में गांव के साथ ही यकबगड़ी, रायपुर व गदापुर समेत कई गांवों के विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। सब सुविधाओं से लैस गांव में इस समय जल भराव सबसे बड़ी समस्या है। गांव निवासी सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.जितेंद्र यादव, साबिर, शाहिद, महेंद्र सिंह, गणपत सिंह, काले सिंह, सोमपाल सिंह, ओमपाल सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है जल भराव के कारण गांव की सड़क तालाब जैसी हो गई है। जिससे गांव के ग्रामीणों के साथ ही आस पास के दस गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है। बिजली की हाईटेंशन लाइन व एलटी लाइन के खंभे पानी में खड़ेे हैं। उन पर करंट उतरने का खतरा बना रहता है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार का कहना है कि पानी में खड़े होने के कारण खंभे जल्द गल जाते हैं। इसके अलावा उनमें करंट उतरने की आशंका रहती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 23, 2026, 13:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


महेशरा में तालाब में परिवर्तित दस गांवों को जोड़ रही सड़क #SubahSamachar