सुल्तानपुर में गैस सिलिंडर न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सुनाथागंज रोड जाम कर किया हंगामा
सुल्तानपुर में घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार को सुनाथागंज रोड पर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी पर पिछले कई दिनों से सिलिंडर नहीं मिल रहा है। पुलिस के समझाने पर उपभोक्ता शांत हुए। सिलिंडर लेने पहुंची महिलाओं ने बताया कि घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। उनका कहना था कि लगातार इंतजार के बावजूद गैस नहीं मिलने से परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ महिलाओं ने कहा कि मजबूरी में उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। रोड जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने गैस एजेंसी संचालक से वार्ता कर जल्द सिलिंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था को नियमित करने और उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग की है। जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने बताया कि स्थानीय गैस एजेंसी संचालक से वार्ता करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 23, 2026, 12:11 IST
सुल्तानपुर में गैस सिलिंडर न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सुनाथागंज रोड जाम कर किया हंगामा #SubahSamachar
