सीतापुर में घघरिया नदी में मौजूद हैं डॉल्फिन, अधिकारियों की अनुमति के बाद होगा रेस्क्यू
सीतापुर में लहरपुर के चंदेसुवा के निकट घघरिया नदी में डॉल्फिन देखे जाने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने डॉल्फिन को रेस्क्यू करने की अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद रेस्क्यू किया जाएगा। वन क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह ने टीम के साथ नदी में डॉल्फिन के प्रवास स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित वन कर्मियों को सजग और सचेत रहने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने बताया कि डॉल्फिन एक राष्ट्रीय जलीय जीव है। वन कर्मियों द्वारा उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है। उसे सुरक्षित प्रवास में छोड़ने के लिए उच्च अधिकारियों से अनुमति प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। घघरिया नदी में डॉल्फिन के प्रवास स्थल पर बहुत गहरा पानी भरा हुआ है और वह इस पानी में प्रवास कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगभग तीन-चार दिनों से डॉल्फिन को इसी स्थल पर देखा जा रहा है। शुक्रवार को इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी गई थी। इसके चलते वन कर्मियों द्वारा लगातार डॉल्फिन की निगरानी की जा रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने डॉल्फिन को सुरक्षित प्रवास में छोड़े जाने की मांग की है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि डॉल्फिन को शिकारियों से खतरा हो सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 16:42 IST
सीतापुर में घघरिया नदी में मौजूद हैं डॉल्फिन, अधिकारियों की अनुमति के बाद होगा रेस्क्यू #SubahSamachar
