गुरुग्राम: हाईवे की सर्विस लेन पर ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत

गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में हीरो होंडा चौक के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन में बृहस्पतिवार की दोपहर बाद ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक व क्षतिग्रस्त स्कूटी को कब्जे में लिया है। मृतक की पहचान गुरुग्राम के नई बस्ती निवासी इंद्रजीत के रूप में हुई है। वह बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 2.30 बजे स्कूटी पर सवार होकर हीरो होंडा चौक के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर जा रहा था। इसी दौरान सर्विस लेन पर स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई और हादसे में इंद्रजीत की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस माैके पर पहुंची। स्कूटी को टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक विशाल शर्मा भी मौके पर मिला। ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि गलत दिशा में आ रही स्कूटी एकदम से ट्रक से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ है। हादसे बाद हीरो होंडा चौक की सर्विस लेन पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। माैके पर पहुंची पुलिस ने वाहनाें को दिशा-निर्देश देकर आगे निकाला, ताकि जाम न लग सके। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। वहीं, एक अन्य मामले में बृहस्पतिवार की सुबह सिविल लाइंस क्षेत्र में मोर चौक के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस हादसे में कार चालक को चोट नहीं आई। हादसे के बाद चौक पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मी ने क्रेन को मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करके संबंधी कार्रवाई कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 14, 2026, 17:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


गुरुग्राम: हाईवे की सर्विस लेन पर ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत #SubahSamachar