नशा और बेरोजगारी के मुद्दे पर अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में कई नेताओं की एंट्री
अमृतसर में आयोजित अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के कार्यक्रम में कई नए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पंजाब में पारंपरिक राजनीतिक दलों से लोगों का भरोसा कम हुआ है और अब बड़ी संख्या में लोग बदलाव की उम्मीद के साथ पार्टी से जुड़ रहे हैं। नेताओं ने कहा कि लगातार हो रही जॉइनिंग से संगठन का जनाधार मजबूत हो रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ. दलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी वर्गों की आवाज सुननी चाहिए और लोकतांत्रिक तरीके से उठाए जा रहे मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधानसभा सत्र में बेअदबी रोकथाम कानून सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाएगा। एसजीपीसी सदस्य बिक्रमजीत सिंह ने कहा कि पंजाब से जुड़े संवेदनशील मामलों पर सभी पक्षों की राय लेकर निर्णय होने चाहिए तथा श्री अकाल तख्त साहिब की मर्यादा और पंथक परंपराओं का सम्मान सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। पार्टी के प्रमुख बापू तरसेम सिंह ने कहा कि पंजाब में नशाखोरी, बेरोजगारी और युवाओं का विदेश पलायन सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों परिवार बच्चों को विदेश भेजने के लिए अपनी जमीन तक बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी रोजगार, शिक्षा और नशामुक्त पंजाब के लिए संघर्ष जारी रखेगी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को देखते हुए गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 04, 2026, 11:11 IST
नशा और बेरोजगारी के मुद्दे पर अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में कई नेताओं की एंट्री #SubahSamachar
