Shimla: वीरभद्र सिंह की जयंती पर शिमला में होगी अंतरराष्ट्रीय प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप, छह देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर 23 जून को शिमला में अंतरराष्ट्रीय प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। 'वीरभद्र सिंह फाउंडेशन' के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में छह देशों के बॉक्सर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि जयंती के अवसर पर खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने बताया कि शिमला में मेडिकल कैंप भी लगाए जाएंगे तथा जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी अस्पतालों में भी विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में प्रदेश के विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी। उनकी स्मृति में आयोजित ये कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 05, 2026, 16:04 IST
Shimla: वीरभद्र सिंह की जयंती पर शिमला में होगी अंतरराष्ट्रीय प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप, छह देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा #SubahSamachar
