Shimla: श्री बाबा बालक नाथ सभा छोटा शिमला ने कराया हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन
श्री सिद्ध बाबा बालकनाथ जी सभा छोटा शिमला द्वारा 54 वां विशाल भंडारा इस वर्ष 31 मई 2026 को श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर छोटा शिमला में श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह धार्मिक आयोजन प्रतिवर्ष मंदिर परिसर में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। सभा के सदस्य सुतीश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 मई को मंदिर परिसर में बाबा बालकनाथ जी के वार्षिक धार्मिक आयोजन का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजन किया गया। प्रातःकाल से ही प्रसिद्ध भजन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिनका श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने उपस्थित होकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि प्रातः 11:00 बजे विधिवत ध्वजारोहण एवं ध्वज-पूजन की रस्म संपन्न की गई। इसके उपरांत दोपहर 12:30 बजे पूर्णाहुति एवं हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात दोपहर 1:00 बजे विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया, जो सायंकाल तक निरंतर चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन समिति की व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके अलावा, 30 मई की सायंकाल छोटा शिमला बाजार में कार सेवा का आयोजन किया गया, जिसमें सभा के सदस्यों, युवाओं तथा श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता और सेवा कार्य भी किए गए। सतीश मोदगिल सभा सदस्य ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया तथा बाबा बालकनाथ जी की कृपा सभी पर बनी रहने की कामना की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 31, 2026, 14:31 IST
Shimla: श्री बाबा बालक नाथ सभा छोटा शिमला ने कराया हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन #SubahSamachar
