Sirmour: बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह, मतदान के दौरान शतकवीरों ने निभाई लोकतंत्र की जिम्मेदारी

पंचायतीराज विभाग के दूसरे चरण के चुनाव में सिरमौर जिले के बुजुर्ग मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति गजब का उत्साह दिखाया। जिले के आठ विकास खंडों की 90 पंचायतों में हुए चुनाव के दौरान करीब पांच शतकवीर मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के महायज्ञ में वोट रूपी आहूति दी। विशेष रूप से पांवटा साहिब, पच्छाद और संगड़ाह विकास खंडों में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाताओं ने मतदान कर युवाओं के लिए मिसाल पेश की। वहीं 80 से 100 वर्ष आयु वर्ग के भी दर्जनों बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्रों में पहुंचे। उम्र के इस पड़ाव में भी लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता और उत्साह देखने लायक रहा। कई बुजुर्ग मतदाता परिजनों के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचे, जबकि कुछ ने स्वयं चलकर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने युवाओं से भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। खंड विकास अधिकारियों और चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने बुजुर्ग मतदाताओं का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मतदान केंद्रों पर उनके लिए विशेष व्यवस्था भी की गई थी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि बुजुर्ग मतदाताओं का यह उत्साह समाज के लिए प्रेरणादायक है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है और वरिष्ठ नागरिकों ने एक बार फिर अपने कर्तव्य के प्रति सजगता दिखाई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 15:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Sirmour: बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह, मतदान के दौरान शतकवीरों ने निभाई लोकतंत्र की जिम्मेदारी #SubahSamachar