जगराओं में एसएसपी दफ्तर के गेट पर धरना: अखाड़ा गांव के लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने और समझौते का दबाव बनाने के लगाए आरोप

जगराओं शहर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव अखाड़ा के कुछ लोगों ने एसएसपी दफ्तर के गेट के बाहर धरना लगाकर इंसाफ की मांग शुरू कर दी। धरनाकारियों ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत देने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। आरोप है कि आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। धरने के दौरान गांव अखाड़ा निवासी करनैल सिंह पुत्र चरण सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 10 जून 2026 को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और किरपानों से उसके घर पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमले के दौरान उसे थप्पड़ मारे गए और किरपान से वार किया गया। वह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और सरकारी अस्पताल जगराओं में इलाज करवाया। करनैल सिंह ने आरोप लगाया कि उसके अस्पताल में भर्ती होने के दौरान आरोपियों ने उसके घर का गेट काटकर मकान पर कब्जा कर लिया। घर में रखा सामान, गेहूं और भूसा उठाने या खराब करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके मवेशियों का भी कोई पता नहीं है। थाना सदर से लेकर अधिकारियों तक लगाता रहा चक्कर शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने मामले को लेकर थाना सदर जगराओं में शिकायत दी, लेकिन वहां भी उसे कथित तौर पर उचित कार्रवाई नहीं मिली। बाद में उसे एसपी स्तर के अधिकारी के पास भेजा गया। करनैल सिंह का आरोप है कि वह कई बार अधिकारियों के पास गया, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे दूसरी पार्टी के साथ समझौता करने के लिए कहा जाता रहा। शिकायत में करनैल सिंह ने 4 जनवरी 2025 की एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया है। उसका कहना है कि उस समय भी उसके साथ मारपीट हुई थी और मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। इस संबंध में एफआईआर दर्ज होने का दावा करते हुए उसने आरोप लगाया कि उस मामले में भी आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई। एक लाख रुपए लेकर समझौते का आरोप करनैल सिंह ने आरोप लगाया कि 26 जून 2026 को थाना सदर के एसएचओ ने उसे फोन कर कथित तौर पर दूसरी पार्टी की ओर से एक लाख रुपए लेकर समझौता करने की बात कही। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने समझौता करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां मिलने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने एसएसपी जगराओं को 11 जून 2026 को दी गई अर्जी का हवाला देते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने, सख्त कार्रवाई करने तथा घर का सामान, मकान, मवेशी, गेहूं और अन्य सामान वापस दिलाने की मांग की है। इंसाफ नहीं मिला तो 15 अगस्त को विशाल धरने की चेतावनी धरने पर बैठे पीड़ित परिवार की अगुवाई कर रहे सीटू नेता गुरप्रीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त तक इंसाफ नहीं मिला तो स्वतंत्रता दिवस के दिन एसएसपी दफ्तर के बाहर विशाल धरना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के दिन भी यदि किसी पीड़ित को इंसाफ के लिए धरना देना पड़े तो यह बेहद गंभीर स्थिति है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बाद शुरू होने वाले संघर्ष की पूरी जिम्मेदारी पुलिस विभाग की होगी। एसएसपी बोेले क्राइम करने वाले पर होगी कार्रवाई इस मामले सबंधी एसएसपी डा. अंकुर गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि क्राइम करने वाले सख्त कार्रवाई होगी उन्होंने कहा कि वह इस समय सीएम ड्यूटी पर है ड्यूटी के बाद वह खुद इस मामले की चेक करेगे उन्होंने कहा मामले की निष्पक्ष जांच होगी

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 12, 2026, 13:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


जगराओं में एसएसपी दफ्तर के गेट पर धरना: अखाड़ा गांव के लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने और समझौते का दबाव बनाने के लगाए आरोप #SubahSamachar