अंबाला: लेंटर डालने के दौरान हुआ बड़ा हादसा, बल्ली खिसकने से 6 मजदूर दबे
साहा-शहजादपुर रोड स्थित संदीप वेल्डिंग वर्कशॉप के पास एक निर्माणाधीन दुकान में लेंटर डालते समय बुधवार दोपहर 4 बजे एक बड़ा हादसा पेश आया। लेंटर के नीचे लगा रखी एक बल्ली अचानक खिसकने के कारण लेंटर भरभराकर नीचे गिर गया। इस हादसे में छह मजदूर दब गए जो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त मौके पर करीब 8 से 10 मजदूर व मिस्त्री काम कर रहे थे। मलबे में दबे घायलों को साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में हेमा माजरा गांव निवासी रवि (26), राजाराम (24) व विपिन कुमार (26) को उपचार के लिए कैंट के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जबकि दो अन्य मजदूरों को मुलाना एमएम अस्पताल में दाखिल करवाया गया। चीख-पुकार के बीच निकाला गया बाहर ठेकेदार रामचरण ने बताया कि करीब 7 से 8 मजदूरों के साथ शहजादपुर रोड पर लेंटर डालने का काम करवा रहा था। लेंटर का काम लगभग खत्म होने वाला था कि ढांचा गिर गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में मलबे को हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से तीन को कैंट के नागरिक अस्पताल तो दो को मुलाना के एमएम अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 18:30 IST
अंबाला: लेंटर डालने के दौरान हुआ बड़ा हादसा, बल्ली खिसकने से 6 मजदूर दबे #SubahSamachar
