यमुनानगर में मॉर्निंग वॉक पर निकले कोर्ट के चपरासी का शव झाड़ियों में मिला

कैत मंडी क्षेत्र में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुरुक्षेत्र जिला अदालत में कार्यरत चपरासी 40 वर्षीय गुरमेल सिंह का शव ओल्ड सहारनपुर रोड किनारे झाड़ियों में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर घुटनों, कमर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि शव के पास खून के निशान, एक जोड़ी चप्पल और वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं। परिजनों ने गुरमेल सिंह की हत्या का आरोप उनकी बहू के परिजनों पर लगाया है। उनका कहना है कि गुरमेल के बेटे ने सात माह पहले इंटरकास्ट लव मैरिज की थी, जिसके बाद से लड़की पक्ष लगातार परिवार को धमकियां दे रहा था। बेटे सुमित का आरोप है कि दो माह पहले उसके पिता की बाइक को भी टक्कर मारी गई थी और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पहले गुरमेल के लापता होने की सूचना मिली थी। तलाश के दौरान उनका शव बरामद हुआ। परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 10:07 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


यमुनानगर में मॉर्निंग वॉक पर निकले कोर्ट के चपरासी का शव झाड़ियों में मिला #SubahSamachar