महेंद्रगढ़ में तीन टीमों ने चलाया विशेष सर्च अभियान
महेंद्रगढ़ में नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ के निर्देश पर अल सुबह तीन विशेष टीमों का गठन किया गया, जिनके साथ हथियारबंद कमांडो जवान भी शामिल रहे। टीमों ने महेंद्रगढ़ शहर में पहले से चिन्हित संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी और घरों की गहन तलाशी ली। सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने कुछ संदिग्ध वाहनों को कब्जे में लिया है, जिनकी जांच की जा रही है। इसमें एक संदिग्ध बाइक भी शामिल है, जिस पर कार्रवाई जारी है। शहर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि नशा बेचने वालों के खिलाफ यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है। सात स्थानों पर तीन टीमों द्वारा सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की गई। पुलिस थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर पवन कुमार का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को तोड़ने और तस्करों पर नकेल कसने के उद्देश्य से की गई है। थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की कि नशा करने वालों और बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 22, 2025, 14:31 IST
महेंद्रगढ़ में तीन टीमों ने चलाया विशेष सर्च अभियान #SubahSamachar
