लदरौर: व्यापारी दंपती पर जानलेवा हमले पर व्यापारियों ने निकाली रोष रैली
हमीरपुर-बिलासपुर सीमा पर स्थित लदरौर कस्बे में व्यापारी दंपती के साथ हुई मारपीट में सोमवार को जन आक्रोश फूट पड़ा। पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली और घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने कस्बे में विशाल रोष रैली निकाली। इस दौरान बाजार दो घंटे तक पूरी तरह बंद रहा और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रोष रैली जब लदरौर बाजार से होते हुए मुख्य सड़क पर पहुंची, तो वहां तैनात पुलिस कर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों की तीखी नोकझोंक हो गई। व्यापारियों ने सीधा आरोप लगाया कि घटना वाले दिन यदि पुलिस समय पर उचित कदम उठाती तो आज आरोपियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण ही क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। कुछ दिन पहले लदरौर में एक स्थानीय व्यापारी ने अपनी दुकान के बाहर शराब की खाली बोतलें फोड़ने का विरोध किया था। इसी मामूली बात पर हमलावरों ने व्यापारी और उनकी पत्नी पर डंडों और तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि व्यापारी का दांत टूट गया है। यह पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसकी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के पांच दिन बाद तक भोरंज थाना में मामला दर्ज नहीं किया गया। अंत में मामला भराड़ी थाना में दर्ज हुआ।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 12:11 IST
लदरौर: व्यापारी दंपती पर जानलेवा हमले पर व्यापारियों ने निकाली रोष रैली #SubahSamachar
