व्यापारियों ने मल्लीताल थाने के बाहर पुलिस वालों के खिलाफ की नारेबाजी
नैनीताल के व्यापार मंडल और व्यापारियों का पुलिस के खिलाफ आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। सभी ने मल्लीताल थाने पर एकत्रित होकर पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। रात 11 बजे तक दुकानें बंद करने के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। मल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी के साथ व्यापारियों ने दूसरे दिन थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस प्रशासन रात 11 बजे से ही खान-पान की दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करवा रहा है। इससे देर रात पहुंचने वाले पर्यटकों, खासकर परिवारों और बच्चों को भोजन और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। उनकी मुख्य मांग है कि रात 11 बजे के बाद भी खान-पान की दुकानों को उचित समय तक सुचारू रूप से चलने की अनुमति दी जाए। साथ ही, पुलिस दुकानदारों व होटल संचालकों से अभद्रता न करे। उन्हें मारने-पीटने की धमकी देना बंद करे। वहां पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट, सोनू बिष्ट, ममता जोशी, अमनदीप सिंह, नाशिर खान, रईस खान आदि लोग मौजूद रहे। इधर, मामले में नैनीताल सीओ रविकांत सेमवाल ने कहा कि नैनीताल में पूर्व में कुछ घटनाएं हुई थीं। उसके तहत एक क्राइम मीटिंग में आदेश निकला था कि 11 बजे के बाद प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। उसके विरोध में व्यापार मंडल के लोग आए थे। बातचीत हुई है। यह पर्यटन नगरी है, रात में काफी टूरिस्ट घूमते हैं। रात में आने वाले टूरिस्टों को खाना नहीं मिल पाता है। इसमें रियायत देने के लिए उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला ला रहे हैं, ताकि बीच का कोई रास्ता निकल सके। दुकान संचालकों को कुछ छूट दी जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 10, 2026, 17:39 IST
व्यापारियों ने मल्लीताल थाने के बाहर पुलिस वालों के खिलाफ की नारेबाजी #SubahSamachar
