Video: पंडोह से झलोगी तक जाम ही जाम, पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ने से दिनभर प्रभावित रहा यातायात
शनिवार को कुल्लू-मनाली की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों की भारी आवाजाही के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह से झलोगी तक लंबा जाम लगा रहा। हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन कुल्लू-मनाली की ओर रवाना हुए, जिसके चलते कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। पंडोह डैम से लेकर झलोगी तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। हनोगी और द्वाड़ा टनल के आसपास स्थिति सबसे अधिक प्रभावित रही, जहां वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते रहे। कई स्थानों पर यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। जाम के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार ओवरटेकिंग और बड़े वाहनों की अधिक संख्या जाम का मुख्य कारण रही। इसके अलावा जौनी माता मंदिर के समीप सड़क का संकरा हिस्सा भी यातायात बाधित होने का कारण बना। यहां थोड़ी देर के लिए भी वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ने पर पीछे लंबी कतारें लगती रहीं। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को दिनभर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह से लेकर देर शाम तक पुलिस कर्मी सड़क पर डटे रहे और विभिन्न स्थानों पर यातायात को नियंत्रित करते रहे। पंडोह से औट तक जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जा सके। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पर्यटक सीजन और सप्ताहांत के चलते वाहनों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पंडोह से लेकर औट तक विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ सकती है, ऐसे में यात्रियों को सफर के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पर्यटन सीजन के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत बनाने की मांग उठाई है, ताकि बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 12:22 IST
Video: पंडोह से झलोगी तक जाम ही जाम, पर्यटक वाहनों की आवाजाही बढ़ने से दिनभर प्रभावित रहा यातायात #SubahSamachar
