Una: जोल बाजार में पुष्पवर्षा से स्वागत, पांचवां विराट होली महोत्सव भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न
उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित श्री सुंदर नारायण गुरुकुलम अटया (अम्बेहड़ा धीरज )में पांचवें विराट होली महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पर्व को आध्यात्मिक पुष्प वर्षा से सराबोर कर दिया। होली उत्सव के उपलक्ष्य में पूज्य आचार्य वैष्णव दास, रमेश शास्त्री, कर्नल तरसेम राणा, समाजसेवी योगराज योगी तथा अन्य गुरुकुलम सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। गुरुकुलम के आचार्य शिवा कुमार शास्त्री ने बताया कि इस अवसर पर फूलों और प्राकृतिक रंगों के साथ बड़े ही प्रेमभाव से होली खेली गई। उन्होंने कहा कि होली का महान पर्व प्रेम सौहार्द और भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। पुष्पों की होली से महका गुरुकुलम परिसर में भिन्न-भिन्न प्रकार के पुष्पों के साथ पारंपरिक एवं सांस्कृतिक तरीके से उत्सव मनाया गया। भजन-कीर्तन और राधे-राधे के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु एक-दूसरे को पुष्प अर्पित कर प्रेम और भाईचारे का संदेश देते नजर आए। होली उत्सव के बाद निकाली गई शोभायात्रा गुरुकुलम से प्रारंभ होकर जोल बाजार से होती हुई श्री गोपाल गौशाला तक पहुंची। जोल बाजार में स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। पुष्पवर्षा और जयकारों से पूरा बाजार क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया। गौशाला में पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने बड़े ही श्रद्धाभाव से भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। इस महोत्सव की सफलता का पूरा श्रेय स्थानीय स्वयंसेवकों और युवाओं को जाता है, जिन्होंने पूरी लगन और मेहनत के साथ व्यवस्थाओं को संभाला। शोभायात्रा के संचालन, भीड़ प्रबंधन और भंडारे की व्यवस्था में युवाओं की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 04, 2026, 10:30 IST
Una: जोल बाजार में पुष्पवर्षा से स्वागत, पांचवां विराट होली महोत्सव भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न #SubahSamachar
