जालंधर में भगवान वाल्मीकि चौक पर बवाल, कथित चोरों को पकड़ने पर हंगामा, धरने पर बैठे लोग
महानगर के भगवान वाल्मीकि चौक पर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कथित चोरी के आरोप में पकड़े गए युवकों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए मार्केट प्रधान जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने और अन्य लोगों ने कथित तौर पर चोरी करते हुए दो युवकों को काबू किया था। इसके बाद उन्हें थाना डिवीजन नंबर-4 ले जाया गया, जहां आरोपियों ने उनके साथ बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जितेंद्र का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपियों का विरोध किया तो उनके अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि 6-7 युवकों के समूह ने मार्केट प्रधान पर हमला कर दिया। हालांकि, लोगों ने दो युवकों को मौके पर पकड़ लिया, लेकिन बाकी आरोपी पुलिस की मौजूदगी में फरार हो गए। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि आरोपियों के पास तेजधार हथियार भी थे, जिससे किसी बड़ी घटना का खतरा पैदा हो सकता था। उनका आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं कर रही, जिसके चलते लोगों में भारी रोष है। घटना के विरोध में स्थानीय लोग और व्यापारी धरने पर बैठ गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। धरने के कारण भगवान वाल्मीकि चौक पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 22:23 IST
जालंधर में भगवान वाल्मीकि चौक पर बवाल, कथित चोरों को पकड़ने पर हंगामा, धरने पर बैठे लोग #SubahSamachar
