VIDEO: 11 बजे तक ताले में कैद मिला एसडीओ व उनके सहायक का कार्यालय

उपभोक्ताओं की बिजली संबंधित समस्याओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारी कितने गंभीर हैं, इसकी एक बानगी बृहस्पतिवार की सुबह विद्युत उपकेंद्र गिलौला में देखने को मिली। जहां सुबह 11 बजे एसडीओ कार्यालय पर ताला लटकता मिला। यही नहीं उनके सहायक का कार्यालय भी ताले में बंद मिला। इससे इतर विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एसडीओ से मिलने पहुंचे उपभोक्ता भटकते मिले। उपभोक्ताओं का आरोप है कि अक्सर एसडीओ कार्यालय पर ताला लटकता रहता है। विद्युत उपभोक्ताओं की ओर से लगातार मिल रही शिकायत पर बृहस्पतिवार को विद्युत उपकेंद्र गिलौला की पड़ताल की गई। पड़ताल के दौरान सुबह 11 बजे उपखंड अधिकारी प्रवेंद्र सिंह के दफ्तर पर ताला लटकता मिला। यही नहीं उनके कार्यालय सहायक शशिकांत श्रीवास्तव भी अनुपस्थित मिले और उनके कार्यालय के बाहर भी ताला लटकता मिला। पास स्थित कैश काउंटर खुला मिला और जेई संदीप यादव संविदा लाइनमैन के साथ वहां बैठे नजर जाए। ऐसा तब जब तराई में भीषण उमस पड़ रही है। वहीं गिलौला क्षेत्र में बिजली की बढ़ती मांग के बीच लो वोल्टेज व बिजली कटौती की समस्या चरम पर है। जिसके चलते उपभोक्ता परेशान हैं और उनमें भारी आक्रोश है। समाधान के लिए भटकते नजर आए ग्रामीण एसडीओ कार्यालय पर ताला लगा होने से कोट मुबारकपुर के खड़खड़ापुरवा निवासी संजय पांडेय, अमृत लाल, चिंता, लल्लू आदि भटकते नजर आए। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके गांव में नलकूप के ऊपर 11 हजार की हाईटेंशन लाइन लटक रही है। इससे कभी भी बड़ा खतरा और जन-धन की हानि हो सकती है। हाईटेंशन लाइन को सही कसवाने के लिए कई बार शिकायत लेकर एसडीओ से मिलने आए हैं लेकिन उनका कार्यालय बंद होने से मुलाकात नहीं हो सकी है। गाय के नाम पर चुटकी लेते नजर आए जेई एसडीओ कार्यालय पर लटक रहे ताला व ग्रामीणों के आरोप पर जब जेई संदीप यादव से जानकारी ली गई तो उन्होंने हंसते हुए बताया कि कार्यालय में गाय घुस जाती है। गाय न घुसे इसके लिए ताला भर दिया जाता है। जब उनसे एसडीओ कार्यालय व उनके सहायक के कार्यालय की चाभी उनके पास होने के संबंध में जानकारी ली गई को उन्होंने हंसते हुए मुंह फेर लिया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 18, 2026, 18:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: 11 बजे तक ताले में कैद मिला एसडीओ व उनके सहायक का कार्यालय #SubahSamachar