VIDEO: 7 दिन से अंधेरे में बिनोवापुरी: भीषण गर्मी में बिजली-पानी संकट से फूटा गुस्सा, उपकेंद्र का घेराव

सुल्तानपुर। शहर के बिनोवापुरी मोहल्ले में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से परेशान स्थानीय निवासियों ने बृहस्पतिवार देर रात डाकखाना उपकेंद्र का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली नगर पुलिस और पीआरवी टीम को मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया बुझाया। स्थानीय निवासी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि पूरा मोहल्ला सात दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर है। उनका आरोप है कि विभाग की ओर से लगाया गया ट्रांसफार्मर पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे बिजली बहाल होने की उम्मीद नहीं दिख रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो मोहल्लेवासी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन की सूचना पर कांग्रेस नेता वरुण मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बिना बिजली के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बताया कि उनकी टाउन के एक्सईएन और इंस्पेक्टर से बातचीत हुई है, जिन्होंने डेढ़ से दो घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया है। हालांकि उन्होंने विभागीय दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर साल गर्मी से पहले तैयारियों के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत हर बार सामने आ जाती है। वहीं अवर अभियंता (शिकायत कक्ष) किशन चंद्र कुशवाहा ने बताया कि केनाई सब-स्टेशन लाइन से जुड़े कुछ लोग पिछले तीन दिनों से लगातार रात में पावर हाउस पहुंचकर हंगामा कर रहे हैं। उनके अनुसार, कई लोग देर रात जबरन उपकेंद्र में घुसकर एसएसओ पर दबाव बनाते हैं और फीडर बंद कराने की कोशिश करते हैं, जिससे पूरे शहर की बिजली व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा पैदा हो जाता है। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए विभाग ने सुरक्षा बढ़ा दी है। नाइट शिफ्ट में अतिरिक्त कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है,जिससे किसी भी स्थिति में पावर हाउस को जबरन बंद होने से बचाया जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 22, 2026, 12:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: 7 दिन से अंधेरे में बिनोवापुरी: भीषण गर्मी में बिजली-पानी संकट से फूटा गुस्सा, उपकेंद्र का घेराव #SubahSamachar